अल आलम टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार संसद सभापति डाक्टर अली लारीजानी ने अलजज़ीरा टीवी चैनल से बात करते हुए कहा कि सऊदी अरब के लिए वार्ता के दरवाज़े खुले हुए हैं।
श्री लारीजानी ने इस बात की ओर संकेत करते हुए कि ईरान और सऊदी अरब के बीच हर प्रकार की वार्ता क्षेत्र के बहुत सी राजनैतिक और सुरक्षा समस्याओं को हल कर सकती है, कहा कि तेहरान, फ़ार्स की खाड़ी में सामूहिक सुरक्षा तंत्र बनाने के प्रयास में है जिसमें फ़ार्स की खाड़ी के सभी तटवर्ती देश शामिल होंगे।
संसद सभापति ने सऊदी अरब और यमन युद्ध के बारे में कहा कि ईरान ने अंसारुल्लाह आंदोलन को सुझाव दिया कि वे देश में हर प्रकार के युद्ध विराम को स्वीकार कर लें।
उन्होंने तेहरान और वाशिंग्टन की वार्ता के बारे में भी संकेत करते हुए कहा कि ईरान और अमरीका के बीच वार्ता मना नहीं है लेकिन पहले अमरीका को प्रतिबंध उठानें होंगे।